बाराबंकी। कोतवाली नगर क्षेत्र के भुहेरा गांव में घर में घुसकर रुपये निकालने और विरोध पर धमकी देने का मामला सामने आया है। कार्रवाई न होने से पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।
भूहेरा निवासी लवकुश (26) ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट-18 में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 22 अक्टूबर 2025 की शाम वह दुकान गया था। इसी दौरान उसकी शर्ट में रखे 3000 रुपये निकालते हुए गांव का अवधेश कुमार (43) पकड़ा गया। पूछने पर उसने दारू पीने के लिए पैसे लेने की बात कही।
पीड़ित के अनुसार विरोध करने पर अवधेश ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ में लिए गोले से डराया। शोर मचाने पर माता-पिता और ग्रामीण आ गए, जिसके बाद आरोपी भागते समय नाली पर गिरकर घायल हो गया।
लवकुश का कहना है कि थाना पुलिस और एसपी कार्यालय को सूचना देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंततः उसने अदालत से रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना कराए जाने की मांग की है।