बाराबंकी। सागौन की बाग में एक युवक का शव फांसी के फंदे से रविवार की सुबह लटका पाया गया। युवक एक हाथ से दिव्यांग भी बताया जा रहा है। परिजन हत्या की आशंका जता रहे है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कार्रवाही करने की बात कही है।
मसौली के धरौली निवासी सूरज लाल रावत एक हाथ से आंशिक दिव्यांग थे, उन्होंने कुछ लोगों के साझे में मसौली के स्व. हरिनाम वर्मा की आम की फसल खरीदी गई थी। शनिवार सुबह करीब 10 बजे बाग के निकट बड़ागांव निवासी अवधेश मौर्या के खेत में पेड़ पर गमछे से शव लटकता पाया गया।
धरौली के उमाकांत राव ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया और आगे की कार्रवाई की। वहीं, परिवारजन का कहना है कि दिव्यांगता के चलते फांसी लगाना संभव नहीं है। वह लोग दबी जुबां उन लोगों पर आशंका जता रहे हैं, जिनके साझे में सूरज लाल ने आम की बाग ले रखी है। एसएचओ सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल परिवारजन का कोई आरोप नहीं है, पुलिस पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। गुमशुदगी की कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज करवाई गई थी।