डीएम-एसपी ने मस्जिदों का किया दौरा, धर्मगुरुओं से मिल कर दी मुबारकबाद
बाराबंकी। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के मस्जिदों व ईदगाहों में शनिवार को ईद-उल-अजहा की नमाज शांतिपूर्वक अदा की गई। कुर्बानी का पर्व बकरीद हर्षोल्लाह से मनाया गया। इस दौरान जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने नगर क्षेत्र की प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों का दौरा किया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों के प्रबंधों का निरीक्षण किया। उन्होंने धर्मगुरुओं, मस्जिदों के इमाम और मौलाना से मुलाकात कर सभी को बकरीद की मुबारकबाद दी।
जिले के सभी थाना क्षेत्रों में लोगों ने परंपरागत उत्साह और भाईचारे के साथ त्योहार मनाया। विभिन्न ईदगाहों, मस्जिदों और खुले मैदानों में निर्धारित समय पर नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर बधाई दी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था रही। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी से निगरानी की गई। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया गया। इस सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर शहर क्षेत्र के बंकी, बेगमगंज, कचहरी, लखपेड़ाबाग, पूर्वी पीरबटावन, भीतरी पीरबटावन व घंटाघर समेत अन्य स्थानों पर स्थित मस्जिदों व ईंदगाह में शांतिपूर्वक नमाज अदा की। यही हाल क्षेत्र के फतेहपुर, कादीपुर, सतरिख, बेलहरा, सिद्धौर, मसौली, जहांगीराबाद, सूरतगंज वह हैदरगढ़ समेत अन्य स्थानों स्थानीय पुलिस व तहसील प्रशासन मुस्तैद रहा। मस्जिदों के आसपास गश्त करते हुए संदिग्धों पर नजर रख रही। पूरे जिले में शांतिपूर्ण बकरीद का पर्व मनाया गया।