वापस घर आए पति और जेठ ने महिला को मारपीट कर घर भगाया
बाराबंकी। 20 साल पहले हुए निकाह के बाद एक पति ने सऊदी जाने के लिए पत्नी पर मायके से एक लाख रूपए लाने का दबाव बनाया। डिमांड नहीं पूरी करने पर मारने पीटने के साथ घर में नहीं रहने एवं दूसरी लड़की से शादी करने की धमकी दी। तीन माह पूर्व सऊदी गए पति ने फोन पर ही महिला को तीन तलाक दे दिया। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। एसपी के आदेश पर सफदरगंज पुलिस ने आरोपी पति पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सफदरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम गुजरनपुरवा निवासी महसल निशा पत्नी सत्तार अली ने बताया कि उसके निकाह को 20 वर्ष हो चुके हैं। दोनों पति पत्नी राजी खुशी जीवन यापन करते चले आ रहे थे। आरोप है कि इस दौरान उसके पति की दूसरी लड़की से बातचीत शुरू हो गई, जिसके चलते आए दिन उसे मारपीट कर दहेज की मांग की जाती रही। पीड़िता के अनुसार पति ने सऊदी जाने के लिए उससे एक लाख रूपए मायके से लाने की मांग की, और नहीं लाने पर दूसरा निकाह करने के साथ ही उसे घर से भगाने की धमकी भी दी। पीड़िता के अनुसार उसके तीन लड़के हैं। तीन माह पहले सऊदी गए पति ने उसे फोन पर तीन तलाक दे दिया। आरोप है कि 03 मई को पति घर आया तो उसे देख कर मारने पीटने लगाया। पीड़िता के विरोध करने पर आग बबूला हुए आरोपी ने गालियां देते हुए उसका गला दबा दिया। पीड़िता के अनुसार पति एवं उसके जेठ शाकिर ने गला दबाते हुए उसे पटक दिया। शोर शराबा होने पर आसपास के लोग उसे बचाने दौड़े तो उसकी जान बच सकी। आरोपियों ने महिला को जान से मारने की धमकी देकर घर से भगा दिया। पीड़िता ने एसपी अर्पित विजय वर्गीय को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। एसपी ने सफदरगंज पुलिस को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।