बाराबंकी। मोबाइल गुम होने की शिकायतों पर बाराबंकी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर सर्विलांस सेल और थाना स्तर की संयुक्त टीमों ने CEIR पोर्टल की मदद से 106 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई गई है।
सर्विलांस सेल ने तकनीकी विश्लेषण और ट्रैकिंग के जरिए यह सफलता हासिल की। सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) विकास चन्द्र त्रिपाठी ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। अपने मोबाइल और महत्वपूर्ण डाटा वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे।
अपर पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाने में सूचना दें या CEIR पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। इससे मोबाइल को ब्लॉक करने और बरामद करने में मदद मिलती है।
पुलिस ने नागरिकों को साइबर ठगी से बचाव के उपाय भी बताए। साथ ही साइबर अपराध की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 और वेबसाइट cybercrime.gov.in की जानकारी दी।