बिजनौर: जिले के नहटौर कस्बे में मंगलवार को चाय की दुकान पर कुर्सी पर बैठने को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान कुछ युवकों ने तीन होमगार्डों पर हमला कर दिया, जिसमें एक होमगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जाता है कि होमगार्ड कंपनी कमांडर वीरेश कुमार अपने साथी होमगार्ड अनिल कुमार और विनोद कुमार के साथ नहटौर थाने से ड्यूटी समाप्त कर वापस लौट रहे थे। रास्ते में चांदपुर चुंगी के पास तीनों चाय पीने के लिए एक दुकान पर रुके थे। इसी दौरान कुर्सी पर बैठने को लेकर वहां मौजूद कुछ युवकों से उनकी कहासुनी हो गई।
आरोप है कि देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और युवकों ने तीनों होमगार्डों के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में तीनों होमगार्ड घायल हो गए। सूचना मिलने पर घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नहटौर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद वीरेश कुमार की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, हालांकि स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।