Friday, June 5, 2026
Google search engine
HomeBARABANKI NEWSगैस रिफिलिंग के दौरान वैन में लगी आग, महिला समेत दो झुलसे...

गैस रिफिलिंग के दौरान वैन में लगी आग, महिला समेत दो झुलसे – दो वैन राख

बाराबंकी। जिले के कुर्सी थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव में सोमवार दोपहर घरेलू गैस रिफिलिंग के दौरान बड़ा हादसा हो गया। वैन के सिलिंडर में गैस भरते समय अचानक आग लग गई, जिससे दो लोग झुलस गए। आग की चपेट में आने से दो वैनें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार, अनवारी गांव निवासी पप्पू पुत्र अबरार (45 वर्ष) सोमवार सुबह करीब 10 बजे महमूदपुर गांव निवासी रमेश कुमार के घर के बाहर अपनी वैन में घरेलू गैस रिफिलिंग कर रहे थे। इस दौरान वैन में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि पास खड़ी दूसरी वैन को भी अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे में वैन चालक पप्पू और दरवाजे पर खड़ी रमेश की पत्नी मंजू देवी गंभीर रूप से झुलस गईं। गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग विकराल रूप ले चुकी थी। बाद में पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, तब तक दोनों वैनें जलकर खाक हो चुकी थीं। दोनों घायलों को पुलिस ने इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया।

गांव में वर्षों से चल रहा था अवैध गैस रिफिलिंग का धंधा

ग्रामीणों के मुताबिक, गांव के रमेश कुमार लंबे समय से वाहनों में घरेलू गैस भरने का अवैध धंधा कर रहे थे। इस खतरनाक कार्य की भनक न तो पूर्ति विभाग को लगी और न ही फायर विभाग को। ग्रामीणों ने बताया कि जब भी कोई इसका विरोध करता था, तो आरोपी पक्ष झगड़े पर उतर आता था, जिसके चलते कोई शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा पाया।

कुर्सी थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि गैस रिफिलिंग के दौरान हुए हादसे में महिला समेत दो लोग घायल हुए हैं। दोनों को लखनऊ रेफर किया गया है। मामले की जांच की जा रही है, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments