किसान पथ पर सैहारा गांव के फ्लाईओवर पर देर रात हुआ दर्दनाक हादसा
बाराबंकी। किसान पथ पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक का टायर बदल रहे चालक को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ खड़े दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दूसरा ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
हादसे में मृतक की पहचान संदीप (28 वर्ष) के रूप में हुई है, जो शाहजहांपुर के थाना रौजा क्षेत्र के अहमदपुर नेवाजपुर निवासी थे और ट्रक चालक के रूप में कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, संदीप 28 जुलाई की शाम चावल से भरा ट्रक लेकर शाहजहांपुर से लखनऊ (तिवारीगंज) की ओर जा रहे थे।
रात में देवा कोतवाली क्षेत्र के सैहारा गांव स्थित किसान पथ फ्लाईओवर पर ट्रक का टायर पंचर हो गया। संदीप के साथ ट्रक पर मौजूद वाहन स्वामी का पुत्र शैलेंद्र और खलासी प्रतिपाल भी टायर बदलने में सहयोग कर रहे थे। तीनों स्टेपनी खोल रहे थे तभी पीछे से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद संदीप दोनों ट्रकों के बीच दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। जबकि शैलेंद्र और प्रतिपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय पुलिस चौकी माती के प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसे के बाद फरार हुए ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने मौके से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।