बाराबंकी। दो माह पूर्व बोलेरो कार की टक्कर से घायल बाइक सवार व्यक्ति की उपचार दौरान मौत हो गई। स्वजनों की सूचना पर पहुंची सफदरगंज पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सफदरगंज थाना क्षेत्र के इशातनगर निवासी 50 वर्षीय रमेश चंद्र की बाइक में 15 अप्रैल को दरियाबाद-महमूदाबाद मार्ग पर बोलेरो कार ने जोरदार ठोकर मार दी थी। हादसे में रमेश चंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए जिला अस्पताल फिर ट्रामा सेंटर भेजा गया था। ट्रामा सेंटर में लगभग दो माह तक उपचार चला। स्वास्थ्य में कोई सुधार न होने पर परिजन घायल रमेश को रविवार की शाम घर लेकर वापस आ रहे थे। इसी दौरान रमेश की मौत हो गई। शव लेकर घर पहुंचे परिजनों ने सफदरगंज पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।