बाराबंकी। खेत की जुताई के दौरान रोटावेटर की चपेट में आने से एक 19 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं दूसरी घटना में डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
खेत में हुआ दर्दनाक हादसा: मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के फिरोजपुर गांव निवासी हाफिजुद्दीन और नसीर ने कुछ दिन पहले साझे में एक ट्रैक्टर खरीदा था। सोमवार को हाफिजुद्दीन अपने खेत की जुताई करा रहा था, तभी नबील (19 वर्ष) रोटावेटर पर चढ़ने लगा और मशीन की चपेट में आ गया।
ट्रैक्टर पर लोड बढ़ने के कारण इंजन बंद हो गया, जिसके बाद नसीर ने उतरकर देखा तो नबील का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो चुका था। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए ही शव का आनन-फानन में अंतिम संस्कार कर दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक आशुतोष मिश्रा ने मामले की जानकारी न होने की बात कही है।
डंपर की टक्कर से बाइक सवार घायल: इसी थाना क्षेत्र के बसौली गांव निवासी राहुल यादव (20 वर्ष) सोमवार को आलू के बीज लेकर कसौंजा मोड़ की ओर जा रहा था। तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे निजी वाहन से सीएचसी फतेहपुर पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।
प्रभारी निरीक्षक आशुतोष मिश्रा ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।