-
तहसील हैदरगढ़ परिसर में लेखपालों का जमावड़ा, हुआ एक दिवसीय सांकेतिक धरना एवं विरोध प्रदर्शन
-
तत्काल कारवाही करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी और वकालत लाईसेंस निरस्त करने की मांग
बाराबंकी। चकबंदी महिला लेखपाल के साथ छेड़छाड़ के आरोपी अधिवक्ता व बार महामंत्री की गिरफ्तारी के साथ वकालत लाइेंसस निरस्ती को लेकर जिले भर के चकबंदी एवं राजस्व लेखपाल एक बार फिर लांमबंद हो गए। गुरुवार को लेखपालों ने हैदरगढ़ तहसील परिसर में एक दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया। तहसील के कर्मचारी भी धरने में शामिल रहे। लेखपालों ने पीड़िता को न्याय न मिलने पर अनिश्चितकालीन धरना भी देने की चेतावनी दी है।
तहसील हैदरगढ़ के तहसीलदार कोर्ट से सम्बद्ध एक महिला लेखपाल 09 जून को कार्यालय में कार्य कर रही थी। उसी समय तहसील हैदरगढ़ के बार महामंत्री सुनील त्रिवेदी महिला लेखपाल के कमरे में घुसे गए। महामंत्री पर आरोप है कि कमरे का दरवाजा बंद कर उन्होंने महिला लेखपाल से छेड़छाड़ की थी। किसी तरह कमरे से भाग कर पीड़िता ने खुद को बचाया था। जिसकी सूचना तत्काल पीड़िता ने हैदरगढ़ तहसीलदार को दी थी। पीड़िता के अनुसार दो घंटे बाद फिर आरोपी महामंत्री पीड़िता के पास पहुंचे और कहीं शिकायत करने पर जान से मार देने की धमकी दी। जिसकी शिकायत पीड़िता ने कोतवाली हैदरगढ़ में दर्ज कराई। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपी अधिवक्ता के खिलाफ अभी तक कार्रवाई न होने से जिले भर के चकबंदी एवं राजस्व लेखपालों में भारी आक्रोश है।
10 जून को चकबंदी लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष कुंवर आनंद प्रताप सिंह के नेतृत्व में लेखपालों ने जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी से मिलकर पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की थी। जिसके बाद जिलाधिकारी ने जांच के आदेश दिए थे। गुरूवार को पुनः जिलाध्यक्ष आनंद प्रताप सिंह ने अपने लेखपाल साथियों के साथ जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा, जिसमें आरोपी की गिरफ्तारी और वकालत लाईसेंस निरस्त करने की मांग हुई। लेखपालों ने चेतावनी दी कि पीड़िता को हर हाल में न्याय मिले इसके लिए गुरूवार को तहसील हैदरगढ़ परिसर में राजस्व, चकबंदी एवं तहसील कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से एक दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में एसडीएम हैदरगढ़ शम्श तबरेज खान को आरोपी पर शीघ्र कार्यवाही के लिए ज्ञापन दिया गया।
आनंद सिंह ने बताया कि एक दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया गया है। पांच दिन में कार्यवाही हेतु समय दिया गया है। इस दौरान कार्यवाही न होने पर सभी संघ के अध्यक्ष, मंत्रियों व साथियों से समर्थन से पूरे जिले में धरना प्रदर्शन शुरू किया जायेगा।
सांकेतिक प्रदर्शन में तहसील हैदरगढ़ राजस्व इकाई के अध्यक्ष राघवेन्द्र प्रताप सिंह, मंत्री राहुल कनौजिया, चकबंदी संघ के महामंत्री सतेन्द्र तिवारी, कार्यवाहक अध्यक्ष रविंद्र प्रताप सिंह, कोषाध्यक्ष संजय सिंह, अनुज यादव, वैशाली सिंह, नेहा सिंह, प्रतिष्ठा मिश्रा धर्मेंद्र सिंह, देशराज, राजेन्द्र सिंह, आशीष सिंह सहित चकबंदी कर्ता संघ के पदाधिकारी लालचंद कश्यप के साथ चकबंदी एवं राजस्व विभाग के लेखपाल मौजूद रहे।