दौड़ में अंशिका ने जीता स्वर्ण तो खो-खो और कबड्डी में दिखा रोमांच
बाराबंकी। पीएम श्री विद्यालय की जनपद स्तरीय खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं मंगलवार को शहर के पुलिस लाइन मैदान में जोश और उमंग के साथ संपन्न हो गईं। जिले के विभिन्न विकास खंडों से आए 18 कंपोजिट विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग कर खेल प्रतिभा का दमखम दिखाया।
अंशिका ने जीते तीन स्वर्ण: दौड़ प्रतियोगिताओं में विकासखंड निंदूरा के कंपोजिट विद्यालय बहरौली की छात्रा अंशिका छाई रहीं। उन्होंने 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल कर तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं रामनगर ब्लॉक के भिटौरा विद्यालय के छात्र मृदुल सिंह ने 100 व 200 मीटर दौड़ में बाजी मारते हुए दो स्वर्ण पदक जीते। ओवरऑल चैंपियनशिप में प्रियंका इंग्ले हाउस विजेता और अंजू बॉबी जॉर्ज हाउस उपविजेता रहा।
खो-खो और कबड्डी में दिखा रोमांच: टीम खेलों में खो-खो और कबड्डी के मुकाबले रोमांचक रहे। प्रतियोगिता के लिए प्रियंका इंग्ले हाउस, दूती चंद हाउस, अंजू बॉबी जॉर्ज हाउस और रितु नेगी हाउस का गठन किया गया था। बालक व बालिका वर्ग में खिलाड़ियों ने अनुशासन और टीम भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विजेताओं को किया सम्मानित: जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक ने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को ट्रैकसूट वितरित किए और विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पीएम श्री विद्यालयों का उद्देश्य बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है। पढ़ाई के साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बराबर महत्व दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में एसआरजी अवधेश पांडेय, जिला व्यायाम शिक्षिका रितु पाठक, जिला व्यायाम शिक्षक अनिल सिंह, सिरौलीगौसपुर ब्लॉक अध्यक्ष दिलीप तिवारी, सुरेन्द्र जायसवाल समेत कई शिक्षाधिकारी मौजूद रहे। मंच संचालन प्रदीप श्रीवास्तव और सुभाष तिवारी ने किया।