पुलिस की जवाबी कार्यवाही में बदमाश के पैर में लगी गोली
बाराबंकी। थाना असन्द्रा क्षेत्र में स्वाट टीम व स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान शुक्रवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामिया बदमाश गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सीएचसी सिद्धौर भेजा गया।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी रितेश कुमार सिंह ने बताया कि 14 मार्च 2026 की रात कन्धवापुर मोड़ के पास सिद्धौर से रामसनेहीघाट हाईवे की ओर गश्त व चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल से आ रहे एक संदिग्ध को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन वह भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। स्वाट टीम प्रभारी अंकित त्रिपाठी बाल-बाल बच गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर उपचार के लिए सीएचसी सिद्धौर भेजा गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान रूपेन्द्र उर्फ सूरज सिंह पुत्र पुत्तन सिंह, निवासी देवरी रुखारा, थाना बक्शी का तालाब, लखनऊ के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस के मुताबिक अभियुक्त थाना जहांगीराबाद में दर्ज एक मुकदमे में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर अयोध्या परिक्षेत्र पुलिस की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी के विरुद्ध बाराबंकी व लखनऊ जनपदों में डकैती, चोरी, अवैध शस्त्र बरामदगी व गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं।