Sunday, March 15, 2026
Google search engine
HomeBARABANKI NEWSरात से लापता वृद्धा का नाली में मिला शव, गले पर चोट...

रात से लापता वृद्धा का नाली में मिला शव, गले पर चोट के निशान से हत्या की आशंका 

बाराबंकी।  हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के पड़रिया मजरे लाही गांव में शनिवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई एक वृद्धा  का शव रविवार की सुबह गांव के बाहर खेत में पड़ा मिला। महिला के  गले में चोट के निशान पाए गए हैं। जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना से क्षेत्र में सनसनी  फैल हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी बसंती (65) पत्नी स्व. बाबूलाल रावत शनिवार रात घर में सोई थीं। रविवार सुबह उनका शव गांव के बाहर दयाराम रावत के खेत के पास सिंचाई के लिए बनी नाली में पड़ा मिला। शव देखकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।

मृतका के गले पर खरोंच और चोट के निशान पाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गला दबाकर हत्या की गई है। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम बुलाकर घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए हैं।

बताया गया कि मृतका का इकलौता पुत्र दिल्ली में नौकरी करता है, जबकि बहू होली के त्योहार पर अपने मायके लालपुर गई हुई थी। घर में बसंती के साथ उनका 12 वर्षीय नाती अंकित मौजूद था।

अंकित ने पुलिस को बताया कि वह अपनी नानी के पास ही दूसरी चारपाई पर सो रहा था। रात करीब 11 बजे उसकी नींद खुली तो नानी बिस्तर पर नहीं थीं और उनकी चप्पल उलटी पड़ी थी। उसने चप्पल सीधी कर दी और दोबारा सो गया।

घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। लोगों का कहना है कि वृद्धा बिना चप्पल के करीब 300 मीटर दूर खेत तक कैसे पहुंची। यदि हत्या घर में हुई तो शव खेत में क्यों फेंका गया और अगर खेत में हत्या हुई तो वह वहां कैसे पहुंचीं।

इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी रितेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments