सीसी फुटेज में कैद हुई एक सप्ताह पूर्व हुई वारदात, पुलिस का रही जांच
बाराबंकी। नगर कोतवाली क्षेत्र में चोरी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। ग्राहक बनकर दुकान में आई एक युवती ने चार्जिंग पर लगा सेल्समैन का मोबाइल फोन चोरी कर लिया और फरार हो गई। पूरी घटना दुकान में लगे सर्किट कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।
पीड़ित फैज़ आलम निवासी पीरबटावन ने सिटी पुलिस चौकी में दी गई तहरीर में बताया कि वह धर्मशाला के सामने स्थित शमा शूज़ कंपनी में सेल्समैन के पद पर कार्यरत है। फैज़ आलम के अनुसार 23 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे एक महिला और एक युवती ग्राहक बनकर दुकान में आई थीं।
उन्होंने बताया कि वह महिला को सैंडल दिखाने में व्यस्त थे, इसी दौरान साथ आई युवती ने मौका पाकर काउंटर के पास चार्जिंग पर लगा उनका मोबाइल फोन चोरी कर लिया। मोबाइल में दो सिम लगे हुए थे। चोरी के बाद दोनों महिलाओं ने सैंडल खरीदा और ऑनलाइन भुगतान करने के बाद दुकान से बाहर निकल गईं।
कुछ समय बाद जब फैज़ आलम को मोबाइल की आवश्यकता पड़ी तो वह गायब मिला। अपने नंबर पर कॉल करने पर दोनों सिम स्विच ऑफ मिले। इसके बाद उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली, जिसमें युवती मोबाइल फोन चोरी करते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।
पीड़ित ने सीसीटीवी फुटेज के साथ सिटी चौकी पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए फुटेज के आधार पर युवती की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।