घर से घुमाने के बहाने ले गया था आरोपी, फतेहपुर के पास नहर में मिले थे दोनों बच्चों के शव
पिता ने लगाया था हत्या का आरोप
बाराबंकी। तीन साल पहले अपने दो मासूम भांजों को घुमाने के बहाने घर से बाहर ले जाकर उनकी हत्या करने वाला आरोपी आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ गया। स्वाट, सर्विलांस और थाना फतेहपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को रेलवे क्रॉसिंग के पास आरसीसी रोड से आरोपी महेन्द्र कुमार पुत्र अशोक कुमार, निवासी ग्राम खेवली, थाना देवा को गिरफ्तार किया। आरोपी पर ₹25,000 का इनाम घोषित था।
तीन साल पुरानी हृदयविदारक वारदात: फतेहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बसारा निवासी राम किशोर ने 09 अगस्त 2022 को पुलिस को तहरीर दी थी कि उसका साला महेन्द्र कुमार 08 अगस्त की शाम करीब साढ़े पाँच बजे उसके दोनों बेटों कृष्णा (7 वर्ष) और दिव्यांश (5 वर्ष) को इसरौली बाजार घुमाने के बहाने घर से ले गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन दोनों बच्चों के शव नहर से बरामद हुए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी।
तीन वर्ष बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा इनामी: लगातार तीन वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को फतेहपुर पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस व सर्विलांस के आधार पर रेलवे क्रॉसिंग के पास दबोच लिया। तलाशी में आरोपी के पास से एक तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत नया मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे: हत्यारोपित के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर मामलो के मुकदमे देवा एवं फतेहपुर थाने में दर्ज हैं।
पुलिस टीम को मिली सराहना: एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने फतेहपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संजीत कुमार सोनकर, उपनिरीक्षक मृदुल मयंक पाण्डेय, स्वाट टीम प्रभारी इंस्पेक्टर ब्रजकिशोर सिंह, इंस्पेक्टर अजय प्रकाश त्रिपाठी, एसआई अभिमन्यु सिंह, अजीज़ुल हसन, तथा सर्विलांस प्रभारी एसआई अजय सिंह, दौमित्र सेन रावत सहित पूरी टीम की सराहना की है।