बाराबंकी। कोतवाली नगर क्षेत्र में हाईवे किनारे स्थित अधिवक्ता के निर्माणाधीन घर से अज्ञात चोरों ने वायरिंग तार, बोर्ड, स्वीच सहित लगभग चार लाख का कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नगर पंचायत सतरिख के सभासद दीपेश श्रीवास्तव पेशे से अधिवक्ता है, उन्होंने नगर कोतवाली में तहरीर दी है, जिसमें बताया है कि बड़ेल चौराहा फतहाबाद में हैदरगढ़-बाराबंकी मार्ग के किनारे उनका एक चार मंजिला काम्पलेक्स निर्माणाधीन है। अधिवक्ता के अनुसार कांप्लेक्स में बिजली वायरिंग सहित अन्य कार्य भी पूर्ण हो गए थे। आरोप है कि 18 फरवरी की रात लगभग 2 बजे लगभग आधा दर्जन अज्ञात चोरों ने कांप्लेक्स से लगभग चार लाख का सामान चोरी कर लिया है। 19 फरवरी की सुबह नौ बजे कांप्लेक्स पर काम करने पहुंचे श्रमिको को चोरी होने की जानकारी हुई। जिसकी सूचना पीड़ित ने पुलिस चौकी बड़ेल प्रभारी को दी। नगर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली।
नगर कोतवाली पुलिस ने अधिवक्ता सभासद की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। प्रभारी निरीक्षक सुधीर सिंह ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जांच की जा रही है।