बाराबंकी। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि घायल आठ लोगों का उपचार निजी अस्पताल में कराया गया।
गोंडा जनपद के करनैलगंज थाना के गांव मोहम्मदपुर कमियार निवासी 44 वर्षीय चन्द्र पाल रावत पुत्र स्व. संचित रावत मजदूरी के लिए रायबरेली गया था, जहां से वापस घर लौटने के दौरान वह हरख चौराहा के पास वह लघुशंका के लिए मंगलवार की भोर करीब तीन बजे उतरा था। इसी दौरान किसी वाहन चालक ने उसे टक्कर मार दी। इसमें उसकी मौत हो गई।
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में आईटीआई के पास मंगलवार की दोपहर साइकिल व बाइक में टक्कर हो गई। इसमें साइकिल सवार 55 वर्षीय राजेंद्र निवासी ग्राम कादिरपुर थाना जहांगीराबाद व जैनुल निवासी ग्राम मझलेपुर घायल हो गए। लोगों ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा। जहां से नाजुक स्थिति में चिकित्सकों ने राजेन्द्र को लोहिया हास्पिटल रेफर कर दिया, जहां उसकी मौत हो गई।
असंद्रा थाना क्षेत्र के असंद्रा गांव निवासी 25 वर्षीय सुनील उर्फ़ फूलचंद कश्यप पुत्र उमापति अपने भाई रोहित और साला दशरथ के साथ बाइक से रिश्तेदार विनोद की बारात में शामिल होने हैदरगढ़ थाना के मोती सिंह पुरवा जा रहे थे। रात करीब आठ बजे नयेपुरा घाट पुल पर इनकी बाइक सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। इसमें बाइक सवार तीनों लोग गंभीर घायल हो गए। लोगों ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टर ने सुनील को मृत घोषित कर दिया। सूचना मृतक के घर पहुंची तो कोहराम मच गया।