मातम में बदली खुशियां, एक ही गांव के निवासी थे मृतक
बाराबंकी। टिकैतनगर थाना क्षेत्र में होली पर्व की खुशियां दो किशोरों की अचानक मौत से मातम में बदल गई। रंग खेलने के बाद साथियों के साथ नदी में नहाने गए एक ही गांव के दोनों किशोर अचानक गहरे पानी चले जाने से डूब गए। जिससे साथ में नहा लोगों में अफरातफरी का माहौल हो गया। सूचना पर गांव तथा मौके पर मौजूद लोगों ने जबतक दोनों को बाहर निकाला तब तक दोनो की मौत हो चुकी थी।
मामला थाना टिकैतनगर के क्षेत्र के गांव तेजई का पुरवा का है। यहां के निवासी अजय वर्मा के 15 वर्षीय पुत्र रवि वर्मा तथा रमेश का 26 वर्षीय पुत्र ऋषभ शुक्रवार को होली के अवसर पर रंग गुलाल खेलने के बाद अपने साथियों के साथ क्षेत्र में निकली नदी के लोढेमऊ घाट के पास नहाने गए थे। अचानक नदी में नहाते समय दोनों गहरे पानी में चले जाने से डूब गए। अचानक में साथ में नहा रहे साथियों में जानकारी होने पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर आनन फानन में पहुंचे ग्रामीणों और मौके पर मौजूद लोगों ने जबतक दोनों को बाहर निकाला तब तक दोनों मरणासन्न हो गए थे। दोनों को गंभीर अवस्था सीएचसी टिकैतनगर ले जाया गया, जहां दोनों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। टिकैतनगर पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।