कुल्हाड़ी तो कहीं फावड़ा से हमला, घायलों का चल रहा अस्पताल में इलाज
बाराबंकी। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लाठी, डंडों, धारदार हथियारों से एक दूसरे पर हुए वार से 12 लोग घायल हो गए जिनमें से 4 महिलाएं भी शामिल हैं। घायलों का परिजन उपचार के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया है। कुछ जगह तो लोगों ने हत्या के प्रयास में फावड़ा से भी हमला कर दिया। स्थानीय थानों की पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।
कुल्हाडी से गर्दन पर हमला
टिकैतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम मझेला के सिपाही लाल व सुशील के बीच रुपयों के लेनदेन का विवाद था। दोनों के बीच सोमवार को कहासुनी हुई थी, लेकिन मामला शांत हो गया था। मंगलवार को गांव के बाहर रुपयों को लेकर फिर आपस में भीड़ गए। सुशील ने कुल्हाड़ी से सिपाही के गले पर हमला कर दिया। सिपाही लाल वहीं पर गिर गए। आसपास के लोगों ने घायल को सीएचसी पर भर्ती कराया। ग्रामीणों ने आरोपित को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। कोतवाल रत्नेश पांडेय ने बताया कि जांच की गई है। कुल्हाड़ी से हमला हुआ था, मुकदमा दर्ज किया गया है।
ईंट भटठा श्रमिक पीटा, घायल
लोनी कटरा थाना के नरदही निवासी मैकूलाल व गोविंद मंगलवार सुबह गांव में चल रहे रास्ते की मरम्मत कार्य में काम कर रहे थे। मिस्त्री सुरेंद्र ने ईंट व मसाला लाने को कहा, देरी होने पर श्रमिकों को फंटा मार दिया। मजदूर घायल हो गए। घायलों को सीएचसी त्रिवेदीगंज पहुंचाया, जहां से मैकूलाल को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। थानाध्यक्ष दोमित्र सेन रावत का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
रास्ते को लेकर मारपीट
सुबेहा के गेरावां गांव निवासी रणजीत सिंह ने मंगलवार को पुलिस को तहरीर दी है। आरोप है कि पड़ोसी राघवेंद्र सिंह व पिंटू सिंह ने सार्वजनिक रास्ते पर चबूतरा बनाकर रास्ता अवरूद्ध कर दिया है। विरोध करने पर मारपीट की। सुबेहा थाना प्रभारी कृष्णकांत सिंह का कहना है कि जांच की जा रही है।
किसान पर चाकुओं से हमला
फतेहपुर के गौरा चौकी निवासी सुरेंद्र विक्रम सिंह का पुत्र वैभव सिंह सोमवार देर रात कस्बा इसरौली के कोल्ड स्टोर में आलू भंडारण कर ट्रैक्टर-ट्राली से वापस आ रहे थे। देर रात बाइक सवार कुछ अज्ञात लोगों ने उस पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। कोतवाल डीके सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।
फावड़े से हमला
वहीं, फतेहपुर के ग्राम कंदरौला निवासी संदीप कुमार की पत्नी अनीता देवी, मां सीमा देवी घर पर अकेली थी। इसी बीच गांव के सरित वर्मा पुत्र भोला ने फावड़े से दोनों पर हमला कर दिया। अनीता मौके पर ही बेहोश हो गई। कोतवाल डीके सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
बांके से हमला
देवा के भवानीपुर मजरे बबुरीगांव के हिमांशु पुत्र रामगोपाल व सतनाम, वेदराम पुत्र श्रीकेशन के बीच विवाद हो गया। हिमांशु का आरोप है कि मंगलवार को सतनाम, वेदराम, रवि आदि ने उनके परिवार पर लाठी और बांके से हमला कर दिया। बांका लगने से पिता रामगोपाल को गंभीर चोटें आई हैं। पत्थर के हमले से बहन सोनिका, भाई दीपांशु, मां निर्मला और उन्हें काफी चोटें आई हैं।