देवा क्षेत्र में सोमवार की रात नौ बजे एवं रामसनेहीघाट क्षेत्र में 11.30 बजे हुआ हादसा
बाराबंकी। अपने रिश्तेदारी में वैवाहिक कार्यक्रम से लौट रहे एक व्यक्ति को सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में घायल को सीएचसी देवा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र में बीती रात अयोध्या हाईवे पर लघुसंका के लिए जा रहे व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
देवा थाना के ग्राम हरबसपुरवा निवासी पन्नू लाल का 45 वर्षीय पुत्र बदलू इसी थाना क्षेत्र के ग्राम जदईपुरवा में अपने मौसा रामसरन के पौत्र की वैवाहिक कार्यक्रम में सोमवार की देर शाम शामिल होने गया था। जहां से बदलू रात नौ बजे अपने घर बाइक से लौट रहा था। देवा-फतेहपुर मार्ग पर जनता धर्म कांटा के पास सामने आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बदलू को लोगों ने पास में स्थित सीएचसी देवा में भर्ती कराया, जहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
दूसरा हादसा सोमवार की लगभग आधी रात में अयोध्या हाईवे पर अहमदपुर टोला प्लाट से कुछ दूरी पर हुआ। जहां जैदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम निबहा निवासी राममनोहर का 45 वर्षीय पुत्र चंद्रेश सोमवार की रात लगभग 11.30 बजे लघुसंका के लिए उठा था। परिजनों के अनुसार लघुसंका के लिए जा रहे चंद्रेश को अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आधा घंटे बाद परिजनों को हादसे में चंद्रेश की मौत होने की जानकारी हुई। जिसके बाद से घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची रामसनेहीघाट पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।