- भाजपा ने शुरु की वक्ब जनजागरण अभियान को धार देने की तैयारी
- भाजपा कार्यालय पहुंचे प्रदेश उपाध्यक्ष पकंज सिंह ने समझाई कार्यकर्ताओं को खूबी
बाराबंकी। भाजपा ने सरकार और संगठन के साथ वक्फ जनजागरण अभियान को धार देने की तैयारी शुरू कर दी है। भाजपा कार्यकर्ता मुस्लिम बस्तियों में जाकर सरकार की ओर से गरीब व पिछड़े मुस्लिमों को समझाएंगे कि विपक्ष के बहकावे में न आएं। प्रतिवर्ष वक्फ की संपत्ति से होने वाली लाखों करोड़ रुपए की अनुमानित आय को जरूरतमंद गरीब व पिछड़े मुस्लिमों, विधवाओं, बेटियों और बच्चों के कल्याण कार्यों पर खर्च किया जाएगा। सोमवार को जिला कार्यालय पर कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं को वक्फ संशोधन बिल की बारीकियां समझाने के लिए जानकारी दी जाएगी।
पार्टी कार्यालय पहुंचे प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक पंकज सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को खास तौर पर मुस्लिम बस्तियों में जाकर सरकार की ओर से गरीब व पिछड़े मुस्लिमों को वक्फ बिल की खूबियां समझानी है। साथ ही यह भी बताना है कि वक्फ संशोधन का विरोध कर रहे कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने किस तरह वक्फ की संपत्ति की लूटखसोट कराई है। उन्होंने कहा कि भारत एक बड़ा देश है और देश की हर इंच जमीन का सही उपयोग होना चाहिए। उन्होंने बताया कि भारत में दुनिया की सबसे ज्यादा करीब 9 लाख 72 हजार वक्फ संपत्तियां हैं, लेकिन इसका लाभ गरीब मुसलमानों को नहीं मिल पा रहा। उन्होंने चिंता जताई कि कई संपत्तियां बाहुबलियों के कब्जे में हैं। जिनका गलत तरीके से इस्तेमाल हो रहा है। उन्होंने आगे कहा कि वक्फ कानून में जो संशोधन किए गए हैं, वे पूरी तरह से पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए हैं।
उन्होंने कहा देश में मुस्लिम समुदाय का बड़ा वर्ग इस कानून का समर्थन कर रहा है। कहा कि, वक्फ संपत्तियों में हेराफेरी करने वालों पर शिकंजा कसने एवं बेहतर प्रबंधन हेतु निगरानी करने में वक्फ परिषद और वक्फ बोर्ड अपनी भूमिका निभाएंगे। उन्होंने आगे बताया कि 1913 से 2013 तक वक्फ के पास 18 लाख एकड़ जमीन थी। जबकि 2013 से 2025 के बीच मात्र 12 वर्षों में वक्फ की संपत्ति 21 लाख एकड़ बढ़ कर 39 लाख एकड़ हो गई। इस दौरान पहलगाम में हुई आतंकी घटना में मारे गए लोगों को मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर जिला अध्यक्ष अरविंद मौर्य, एमएलसी व जिला प्रभारी अवनीश सिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, विधायक दिनेश रावत, एमएलसी अंगद सिंह, पूर्व एमएलसी हरगोविंद सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष संतोष सिंह, अवधेश श्रीवास्तव, डॉ राम कुमारी मौर्य, अमरीश रावत, विजय आनंद बाजपेई, संदीप गुप्ता, शील रत्न मिहिर, रचना श्रीवास्तव, पवन सिंह रिंकू, प्रमोद तिवारी, शेखर हयारन सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।