बाराबंकी। नगर कोतवाली व रामनगर थाना क्षेत्रों में हुई सड़क दुर्घटनाओं में ऑटो चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग घायल हैं। एक को गंभीर अवस्था में ट्रामा सेंटर लखनऊ भेजा गया।
रामनगर थाना क्षेत्र में केसरीपुर गांव मोड़ के पास एक आटो व गोंडा की ओर जा रही कार की आमने सामने टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो चालक इंसान अली (30) निवासी ग्राम शाहपुर पट्टी थाना रामनगर, इनका 10 वर्षीय पुत्र हुसैन व जरवल रोड निवासी मकसूद (35) पुत्र हुसैन अली और कार सवार आलोक कुमार मिश्र (37) निवासी मोहल्ला चुंग्गी नाका कोतवाली शहर गोंडा, इनकी पत्नी शिवानी पांडेय व इनकी पुत्री इश्तिा मिश्रा (13) घायल हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी रामनगर भेजा जहां से गंभीर अवस्था में इंसान अली को जिला अस्पताल भेज दिया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
सफदरगंज थाना के अम्बौर गांव निवासी प्रवीन मौर्या (40) पुत्र स्व. राम चन्दर अपने पड़ोसी बृज किशोर पुत्र रामनाथ के साथ मिल कर सोलर पैनल का प्राइवेट टेंडर का काम करते थे। सोमवार को दोनों बाइक से लखनऊ जा रहे थे। बाराबंकी लखनऊ हाइवे पर मोहम्मदपुर चौकी के पास गोल्डन ब्लॉसम रिसार्ट के पास पीछे से कार चालक ने इनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें दोनों घायल हो गए। दोनों घायलों को सफेदाबाद स्थित हिंद अस्पताल में भर्ती कराया गया। शाम को उपचार के दौरान डाक्टर ने प्रवीन को मृत घोषित कर दिया। घायल बृज किशोर को लखनऊ ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।