पीड़ित की तहरीर पर चार नामजद, पुलिस को फर्जी लग रही घटना, सीओ फतेहपुर कर रहे जांच
बाराबंकी। जमीनी विवाद में मंगलवार की रात एक व्यक्ति पर गोली चलाने का मामला प्रकाश में आया हैं। हालांकि गोली मकान के पिलर से टकराने के कारण पीड़ि़त बच गया। जिसका खोखा पीड़ित ने अपने पास होने का दावा किया है। बड्डूपुर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार लोगों को नामजद किया है। हालांकि पुलिस गोली चलने की घटना को फर्जी मानते हुए मिले खोखे को पुराना बता रही है।
बड्डूपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लालापुर रीवा चपरी निवासी वीरेन्द्र पुत्र राम मनोहर ने पुलिस को तहरीर दी है। वीरेन्द्र ने बताया कि उसके और छत्रपाल यादव के बीच एक मुकदमा दीवानी न्यायालय में विचाराधीन है। जिसको लेकर आए दिन झगड़ा होता रहता है। जिसके लिए गांव के संदीप सिंह पुत्र अवधेश सिंह, शशि सिंह पुत्र रामनगर व रामनाथ सिंह पुत्र अयोध्या सिंह व छत्रपाल उसे बुलाते हैं। पुलिस को दी गई तहरीर में वीरेन्द्र ने बताया कि संदीप सिंह बदमाश व हिस्ट्रीशीटर है, जिसने कई वारदातों को अंजाम दिया है। आरोप है कि मंगलवार की रात आरोपी संदीप घर के चारों ओर फायरिंग कर रहा था। इसी दौरान रात आठ बजे वीरेन्द्र भी घर पर बैठा था। वीरेन्द्र के अनुसार संदीप ने उसे जान से मारने की नियत से उस पर गाली चलाई। पीड़ित के अनुसार गोली पिलर में टकराने के कारण वह बच गया। झोंके गए फायर का खोखा मौके से मिलने का भी दावा पीड़ित ने किया है। गांव परिवार के लोग शोर सुनकर पहुंचे तो आरोपी मंदिर की ओर भाग गया। पीड़ित ने खुद की जान का खतरा बताते हुए पुलिस ने न्याय की गुहार लगाई है। बड्डूपुर पुलिस ने आरोपियों को नामजद करते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी है। बड्डूपुर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि गोली चलने की घटना फर्जी है, मामले की सीओ फतेहपुर खुद जांच कर रहे हैं।