बाराबंकी। घुंघटेर एवं फतेहपुर क्षेत्र में विषैले जीव ने दो महिला सहित तीन लोगों को डस लिया। आनन-फानन में परिजन पीड़ितों को स्थानीय सीएचसी लेकर पहुंचे जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर दिया गया, जिला अस्पताल पहंुचने से पहले ही महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला का परिजनों सीएचसी से रेफर करने पर एक निजी क्लीनिक उपचार कराया। वहीं दूसरी ओर परिजन पीड़ित पुरूष को झाड़ फूंक करवाने के बाद उपचार के लिए महमूदाबाद लेकर जा रहे थे कि रास्ते में ही दम तोड़ दिया
घुघटेरः थाना क्षेत्र ग्राम अइंबा निवासी 55 वर्षीय राम कुमार गुरूवार की शाम चार बजे खेत से वापस आ रहे थे। इसी दौरान किसी विषैले जीव ने डस लिया। रामकुमार को गंभीर अवस्था में परिवारीजन महमूदाबाद लेकर जा रहे थे कि रास्ते में ही मौत हो गई। जिसकी सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फतेहपुरः कोतवाली के ग्राम खेरिया निवासी कैलाश की 45 वर्षीय पत्नी रूपमनी घर के बाहर सुबह छह बजे साफ-सफाई कर रही थी। इसी दौरान महिला को किसी विषैले जीव ने डस लिया। आनन-फानन में परिजन उसे लेकर सीएचसी फतेहपुर पहुंचे, जहां सुधार न होने पर महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय महिला ने दम तोड़ दिया।
1380 रूपए के बाहर से खरीदने पडे़ इंजेक्शनः मृतका के पति कैलाश ने बताया कि जब वह अपनी पत्नी को लेकर सीएचसी फतेहपुर पहुंचे तो चिकित्सकों ने सीएचसी पर इंजेक्शन न होने की बात कह कर उसे बाहर से इंजेक्शन लाने का कहा। कैलाश ने बताया कि उसने 1380 रूपए के इंजेक्शन निजी मेडिकल स्टोर से खरीदे, बावजूद इसके उसकी पत्नी की मौत हो गई।
बाहर से कराया उपचारः घुंघटेर के नरायनपुर निवासी अर्जुन यादव ने बताया कि गुरूवार की दोपहर उसकी सासु रानी देवी को विषैले जीव ने डस लिया था। जिसे उपचार के लिए सीएचसी घुंघटेर लेकर गए जहां चिकित्सकों ने संबंधित इंजेक्शन न होने की बात कहकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मजबूरन परिजन उसे आनन-फानन में खेवली गांव में एक वैद्य के पास ले जाकर उपचार कराया।