मृतक की मां ने बहू और उसके परिवार पर हत्या का लगाया आरोप, पुलिस जांच में जुटी
बाराबंकी। पत्नी को बुलाने ससुराल पहुंचे युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मंगलवार सुबह उसका शव गांव के बाहर स्थित मंदिर परिसर में फंदे से लटका मिला। मृतक की मां ने बहू और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
मामला थाना लोनीकटरा क्षेत्र के जौरास गांव निवासी मोहित रावत (25 वर्ष) का है, जिनकी ससुराल भागू का पुरवा मजरा, बल्ला सांई खेड़ा गांव में है। सोमवार की शाम मोहित पत्नी को बुलाने ससुराल गया था, लेकिन मंगलवार सुबह उसका शव गांव से बाहर स्थित कालेदेव बाबा मंदिर के बरामदे में झंडे की रस्सी से फंदे पर लटका मिला।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार शव के दोनों पैर जमीन से छू रहे थे, जिससे मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
परिवार का आरोप: मृतक की मां तारावती ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया है। उन्होंने बहू काव्या, उसके माता-पिता और रिश्तेदारों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।
मोहित के बड़े भाई रोहित रावत ने बताया कि मृतक की पत्नी के गांव के एक युवक से अवैध संबंध थे और वह पहले भी घर छोड़कर जा चुकी थी। रोहित का कहना है कि पत्नी काव्या पर पति की मौत का कोई असर नहीं था, जो संदेह को और गहरा करता है।
थानाध्यक्ष अभय कुमार मौर्य ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ होगी, जिसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।