Wednesday, October 21, 2026
Google search engine
HomeBARABANKI NEWSदुष्कर्म के बाद हत्या कर फेंकी गई महिला की अर्थी को मसौली...

दुष्कर्म के बाद हत्या कर फेंकी गई महिला की अर्थी को मसौली थाना प्रभारी ने दिया कंधा

  • शनिवार की देर रात मुठभेड़ में गिरफ्तार हुआ था आरोपी राजू

  • शुक्रवार की शाम आरोपितों ने हत्या कर नहर में फेंका था महिला का शव

बाराबंकी। बाराबंकी जिले के मसौली थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या के मामले में फरार चल रहा आरोपी राजू शनिवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पैर में गोली लगने के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, रविवार को जब मृतका का शव गांव पहुंचा, तो थाना प्रभारी अमित प्रताप सिंह ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर मानवता का परिचय देते हुए मृतका की अर्थी को कंधा दिया। गांववालों ने इस भावुक क्षण में पुलिस के इस व्यवहार की सराहना की।

दवा लेने गई महिला का शव नहर में मिला

मसौली थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला शुक्रवार को बाराबंकी शहर के विजय नगर चौराहे पर दवा लेने गई थी। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। शनिवार को उसका शव बेरिया गांव के पास शारदा सहायक समानांतर नहर में बरामद हुआ। शव की हालत और मौके से मिले साक्ष्यों से स्पष्ट था कि महिला की गला दबाकर हत्या की गई है। वहीं, दुष्कर्म की भी आशंका जताई जा रही है, जिस पर पुलिस जांच कर रही है।

परिजनों ने दर्ज कराई रिपोर्ट, दो नामजद आरोपी

मृतका के भाई की तहरीर पर अछेछा गांव निवासी राजू पुत्र मोल्हे और वीपेंद्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। राजू वर्तमान में मृतका के गांव में सुनील वर्मा के घर पर रह रहा था। जानकारी के मुताबिक, मृतका की बहन ने राजू पर संदेह जताया था। परिजनों के अनुसार, आरोपी वारदात के बाद भागने की फिराक में था, लेकिन गांव वालों ने वीपेंद्र को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। राजू फरार हो गया था।

पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ राजू

शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि राजू त्रिलोकपुर गांव के पास नहर पुलिया के निकट मौजूद है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। खुद को घिरा देख राजू ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक सिपाही घायल हो गया। जवाबी कार्रवाई में राजू के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तर) विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि राजू पर पहले से ही तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अब इस हत्या मामले में भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

थाना प्रभारी ने दिया अर्थी को कंधा, गांव में भावुक माहौल

रविवार को जब मृतका का शव गांव पहुंचा, तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। इस बीच मसौली थाना प्रभारी अमित प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अर्थी को कंधा देकर पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने का भरोसा दिलाया। गांव वालों ने थाना प्रभारी के इस कदम को मानवता का प्रतीक बताते हुए सराहा।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर दुष्कर्म की पुष्टि की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों की एक विशेष टीम भी गठित की गई है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments