बाराबंकी। देवा नगर पंचायत के कचेहरान-दो वार्ड निवासी सुशील राठौर के दरवाजे पर खड़ी वैन में बुधवार रात अचानक आग लग गई। घर वाले जब तक कुछ समझ पाते, तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया। वैन से उठीं लपटों ने पास में खड़ी एक स्कूटी को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगते ही मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। तब तक वैन और स्कूटी पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे।
सुशील राठौर की पत्नी गीतू राठौर ने बताया कि वैन में चार्जर लगा हुआ था, जिससे शॉर्ट सर्किट होकर आग लगी। उन्होंने बताया कि करीब 20 दिन पहले उनके पति का एक्सीडेंट हुआ था और वे लखनऊ में कोमा में भर्ती हैं। परिवार की रोजी-रोटी इसी वैन से चलती थी, जो अब जलकर खाक हो गई।