माती ओवरब्रिज पर गलत दिशा से आई ट्रक बनी हादसे की वजह, एक चालक घायल
बाराबंकी। बाराबंकी के किसान पथ पर माती ओवरब्रिज के पास रविवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। गलत दिशा से आ रही ट्रक ने सामने से आ रहे वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर में कश्मीर निवासी चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी ट्रक का चालक घायल हो गया।
बिहार से पंजाब जा रही थी ट्रक
जानकारी के मुताबिक, कश्मीर की ट्रक मक्का लादकर बिहार से पंजाब जा रही थी। दूसरी ट्रक बेहटा कुर्सी से सुल्तानपुर की तरफ जा रही थी। माती ओवरब्रिज पर दोनों वाहनों में इतनी भीषण भिड़ंत हुई कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
चालक की मौत, साथी बाल-बाल बचे
हादसे में कश्मीर के इस्लामाबाद जिला निवासी जावेद मीर पुत्र सनावाला मीर की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक में सवार दो अन्य लोग बाल-बाल बच गए। दूसरी ट्रक के चालक रोशन लाल पुत्र राजकुमार निवासी संतनगर, संगरूर (पंजाब) को चोटें आईं, जिन्हें राजमार्ग एम्बुलेंस से जिला चिकित्सालय भेजा गया।
थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया “कश्मीर जा रही ट्रक गलत दिशा से किसान पथ पर चढ़ गई थी, जिससे दोनों ट्रक आमने-सामने टकरा गए। मृत चालक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।”