-
पुलिस लाइन मैदान में 16 ब्लॉकों के 500 खिलाड़ियों ने दिखाया कौशल
-
बीएसए बोले खेल बच्चों को अनुशासन और आत्मविश्वास सिखाते हैं
बाराबंकी। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित जिला स्तरीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों के बालक/बालिकाओं की खेल प्रतियोगिता शुक्रवार को पुलिस लाइन मैदान में संपन्न हुई। प्रतियोगिता में जिले के 16 ब्लॉकों से लगभग 500 खिलाड़ियों ने खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल और हैंडबॉल में भाग लेकर शानदार प्रदर्शन किया। मैदान में बच्चों की फुर्ती, शिक्षकों का उत्साह और दर्शकों की तालियों से माहौल पूरे दिन गुंजायमान रहा।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार देव पांडे ने विजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि खेल बच्चों के मानसिक, बौद्धिक और शारीरिक विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा, “जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। खेल न केवल उन्हें शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि टीम भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी बढ़ाते हैं। हमारा लक्ष्य है कि प्रत्येक विद्यालय में खेलों के लिए अनुकूल वातावरण और बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध हो।” बीएसए ने शिक्षकों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों की मेहनत की सराहना करते हुए सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



