Saturday, June 6, 2026
Google search engine
HomeBARABANKI NEWSबड़े भाई की पीट-पीट कर हत्या कर तख्त के नीचे छिपाया शव,...

बड़े भाई की पीट-पीट कर हत्या कर तख्त के नीचे छिपाया शव, मां ने दी सूचना

  • एसपी ने लिया जायजा, हत्यारोपित छोटा भाई फरार

बाराबंकी। हैदरगढ़ थाना क्षेत्र के बिबियापुर मजरे भेतमुआ गांव में शुक्रवार की रात दो भाइयों के बीच हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। शराब के नशे में हुई कहासुनी के दौरान छोटे भाई लवलेश ने बड़े भाई रज्जन त्रिवेदी (55) की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने शव को कपड़े से पैर बांधकर कमरे के तख्त के नीचे छिपा दिया और खुद गायब हो गया। शनिवार दोपहर जब मृतक की मां बिट्टी देवी दामाद के साथ थाने पहुंचीं और घर में लाश पड़े होने की सूचना दी, तब गांव में हड़कंप मच गया।

वृद्ध राम बिलास त्रिवेदी के चार बेटे और एक बेटी हैं। दो बेटे हेमंत व अखिलेश सूरत में नौकरी करते हैं, जबकि रज्जन और लवलेश घर पर रहकर ट्रक चलाते थे। परिजनों ने बताया कि दोनों भाई शराब के आदी थे और अक्सर इनके बीच झगड़ा होता रहता था। शुक्रवार रात भी दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ था। पिता बीच-बचाव करने पहुंचे मगर दोनों ने बात नहीं मानी। परेशान होकर पिता सोने चले गए, जबकि मां दवा खाकर सो रही थीं।

सुबह से ही वृद्ध दंपती के घर के बाहर चुपचाप बैठे रहने पर ग्रामीणों को शक हुआ। पूछताछ करने पर घर में रज्जन का शव पड़े होने की जानकारी हुई। ग्रामीणों ने मृतक के दामाद अनिल अवस्थी को सूचना दी, जो पत्नी के साथ मौके पर पहुंचे। कमरे में तख्त के नीचे पॉलिथीन हटाने पर रज्जन का खून से लथपथ शव मिला। सिर पर गंभीर चोटें और पैर कपड़े से बंधे थे, जिससे साफ था कि उसकी हत्या कर शव छिपाया गया है। लवलेश भी घर से लापता था।

दोपहर में बिट्टी देवी दामाद अनिल के साथ हैदरगढ़ थाने पहुंचीं और पुलिस को घटना की जानकारी दी। कोतवाल अभिमन्यु मल्ल तत्काल दलबल सहित मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इसी दौरान कमरे से खून से सनी लाठी भी बरामद हुई, जिससे वार किए जाने की आशंका है।

घटना की सूचना पर एसपी अर्पित विजयवर्गीय और एएसपी दक्षिणी रितेश कुमार सिंह भी गांव पहुंचे और जांच की। पुलिस ने कुछ ही देर बाद आरोपी लवलेश को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नशे में दोनों के बीच हुए विवाद के दौरान लवलेश ने कई वार कर भाई की जान ले ली।

पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों व ग्रामीणों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। कोतवाल अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि बरामद लाठी पर खून मिला है, जिससे प्रतीत होता है कि इसी से हमला किया गया। मामला गंभीरता से जांच में है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments