सफदरगंज थाना क्षेत्र के लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर हुई चोरी की घटना, जांच में जुटी पुलिस
बाराबंकी। लखनऊ–अयोध्या हाईवे स्थित सफदरगंज चौराहे पर मंगलवार देर रात पुलिस पिकेट बूथ से महज कुछ कदम की दूरी पर अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए करीब 20 लाख रुपये की बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पीड़ित ने सफदरगंज थाने में दी तहरीर में बताया कि चोर छत के रास्ते मकान में दाखिल हुए और अंदर रखी अलमारियों व बक्सों को खंगाल डाला। चोरों ने करीब 150 ग्राम सोने के जेवर, लगभग 500 ग्राम चांदी के आभूषण, 15 हजार रुपये नकद सहित कुल करीब 20 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। रात में लघुशंका के लिए जागने पर पीड़ित की नजर बिखरे सामान पर पड़ी, तब चोरी की जानकारी हुई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। चौकी प्रभारी पल्हरी जितेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पिकेट बूथ के पास हुई इस बड़ी चोरी के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब पिकेट के पास ही घर सुरक्षित नहीं हैं, तो अन्य इलाकों की सुरक्षा को लेकर चिंता स्वाभाविक है। लोगों ने रात में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर सख्त निगरानी की मांग की है।
गौरतलब है कि थाना क्षेत्र के ग्राम मीरापुर ऊंचवा में 29 दिसंबर को लाजवंती के घर भी अज्ञात चोरों ने धावा बोला था। उस घटना में सोने-चांदी के जेवर, कीमती कपड़े और करीब 15 किलो मेंथा तेल चोरी कर लिया गया था। पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है, लेकिन अब तक उस चोरी का खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्रवासियों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है।