घटना के बाद दर्ज कराई थी असंद्रा थाने में गुमशुदगी
आरोपी पति ने खुद बताई पुलिस को घटना की सच्चाई
बाराबंकी। 12 बीघा जमीन की लालच में पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। असंद्रा थाना क्षेत्र के पूरे छविनाथ शुक्ल मजरे सूर्यपुर निवासी मनोज कुमार ने 30 दिसंबर को अपनी पत्नी सुनीता (26) को कोटवाधाम मेला दिखाने के बहाने घर से ले गया। आरोप है कि मेला परिसर के पास शारदा सहायक नहर में उसने पत्नी को धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद दोनों के वापस न लौटने पर 31 दिसंबर को मनोज के भाई उमेश कुमार ने असंद्रा थाने में मनोज और सुनीता की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
कुछ दिनों बाद मनोज अकेले घर लौट आया और पुलिस को बताया कि मेले में उसकी पत्नी गायब हो गई है। इसी बीच बदोसराय थाना क्षेत्र में नहर से एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली। यह जानकारी मिलते ही मनोज को अंदेशा हुआ कि अब वह पकड़ा जाएगा। इसके बाद वह स्वयं कोतवाली पहुंचा और कोतवाल आलोक मणि त्रिपाठी को बताया कि जमीन की लालच में उसने पत्नी को नहर में धक्का दे दिया है। हालांकि शुरू में उसने शव की पहचान करने से इनकार किया।
मृतका की मां मोहिनी देवी पत्नी स्व. केशवराम रावत, निवासी ग्राम कोड़ा थाना दरियाबाद की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पति की मृत्यु के बाद 12 बीघा जमीन सुनीता के नाम वरासत हुई थी, जिसे मनोज अपने नाम कराना चाहता था और इसके लिए वह अक्सर मारपीट करता था। गुरुवार शाम बदोसराय पुलिस ने नहर से बरामद शव की पहचान सुनीता के रूप में कराई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेजते हुए मुकदमे में हत्या की धाराएं बढ़ाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।