घटना का वीडियो हुआ था वायरल, पीड़ित की शिकायत पर हुई कार्रवाई
बाराबंकी। युवक के माथे पर लगे तिलक को जबरन पानी से धोने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना देवा कस्बे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान कस्बा निवासी जावेद के रूप में हुई है, जो दरगाह रोड पर सिन्नी-चादर बेचने का काम करता है।
दशहरा बाग पटेल नगर निवासी हरीश शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह गुरुवार को पड़ोस में रहने वाली एक मुस्लिम महिला के साथ दरगाह आए थे। महिला जियारत के लिए दरगाह परिसर में चली गई, जबकि हरीश मुख्य गेट से करीब सौ मीटर पहले खड़े थे। आरोप है कि इसी दौरान जावेद ने उन्हें आपत्तिजनक शब्दों में बुलाया और माथे पर तिलक लगाए होने पर आपत्ति जताई।
पीड़ित ने जब विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और कथित तौर पर उन्हें जबरन दबाकर अपनी दुकान पर ले गया, जहां पानी से तिलक मिटा दिया। साथ आई महिला ने भी आरोपी के इस व्यवहार पर आपत्ति जताई। इसके बाद पीड़ितों ने देवा पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया। अतिरिक्त प्रभारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।