पूर्व में हुए हादसे में घायलों ने भी तोड़ा दम
बाराबंकी। होली के उत्साह और तेज रफ्तार का कहर जिले में कई जिंदगियां लील गया। अलग-अलग सड़क हादसों में छह से आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि सिपाही सहित 106 लोग घायल हो गए। सबसे अधिक 64 लोग देवा क्षेत्र में घायल हुए। सभी घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
फतेहपुर (डडियामऊ) : तीन मार्च की रात पेट्रोल पंप के पास रोडवेज बस की टक्कर से मोहम्मदपुर खाला के एनुद्दीनपुर निवासी प्रियांशु वर्मा की मौत हो गई। वह प्रयागराज में रहकर लोक सेवा आयोग की तैयारी कर रहे थे और होली पर घर लौट रहे थे।
तहसील चौराहा : रामनगर रोड से आ रहे आलू लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार मिर्दहनपुरवा निवासी सुशील कुमार वर्मा को पीछे से टक्कर मार दी। ट्रैक्टर का पहिया उनके ऊपर चढ़ गया और करीब दस फीट तक घसीटता चला गया। सीएचसी में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूरतगंज : मोहम्मदपुर खाला के बसौली निवासी संदीप ब्रह्मपुरा में मामा के घर से होली खेलकर लौट रहे थे। गांव के पास दूसरी तेज रफ्तार बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में संदीप की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक सवार टंडवा निवासी अंकुर और दौलतपुर के जयसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
रामनगर : कोतवाली क्षेत्र के भिटौली निवासी हिमांशु सोनी व छोटू सोनी बाइक से जा रहे थे। रास्ते में ट्रैक्टर की टक्कर से हिमांशु की मौत हो गई, जबकि छोटू गंभीर रूप से घायल हो गए।
रुदौली सीमा : कल्याणी नदी घाट के पास कुशहरी जंगल के निकट अज्ञात वाहन ने बाइक सवार रंजीत व शिवांशू को पीछे से टक्कर मार दी। रंजीत की मौत हो गई, जबकि शिवांशू का उपचार चल रहा है।
रामसनेहीघाट : अयोध्या के पटरंगा मखदूमपुर निवासी धर्मेंद्र बाइक से ससुराल जा रहे थे। बिगहिया के पास तीव्र मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई।
इलाज के दौरान दो ने तोड़ा दम
देवा के विशुनपुर निवासी दीपांशु 26 फरवरी को कुतुलुपुर के पास हादसे में घायल हुए थे। लखनऊ के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई। वहीं, हैदरगढ़-भिटरिया मार्ग पर एक सप्ताह पहले हुए हादसे में घायल शिवांग पांडेय ने लखनऊ ट्रामा सेंटर में दम तोड़ दिया।
सिपाही सहित कई घायल
लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर एक होटल के पास बाइक सवार सिपाही रंजीत सिंह डिवाइडर से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में कल्लू, रोशन, रामचंद्र, भारत सिंह, सुवेंद्र, श्रीराम, मनीराम, सैनिक, आकांक्षा, सुभाष, ननकऊ, शीतला और भगवती यादव सहित कई लोग घायल हो गए। फतेहपुर के बुधियापुर चौराहे के पास अनियंत्रित ट्रैक्टर पलटने से चालक गुड्डू भी गंभीर रूप से घायल हो गया।