बाराबंकी। असंद्रा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार रात एक कच्ची दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई। दीवार के मलबे में दबने से ससुर की मौत हो गई, जबकि दामाद गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
पठकनपुरवा मजरे धनौली खास गांव निवासी सालिक राम कश्यप (62) बुधवार रात दीवार पर रखे छप्पर के नीचे अपने दामाद अयोध्या जिले के सुल्तानपुर निवासी अम्ब्रीका कश्यप के साथ तखत पर सो रहे थे। देर रात अचानक दीवार ढह गई और दोनों मलबे में दब गए।
परिजनों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सालिक राम को मृत घोषित कर दिया। अम्ब्रीका का गंभीर हालत में उपचार जारी है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, लेखपाल ने आपदा राहत के तहत पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।