नशे से धुत दो चेचेरे भाईयों के बीच चल रहे विवाद में बीच-बराव करने पहुंच था युवक
बाराबंकी। भट्ठा श्रमिक ने गुरुवार की शाम अपने ही बहनोई के सिर पर लकड़ी के चैले से वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। घटना से भटठे पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर लोगों से पूछताछ की, जिसके बार आरोपित को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नशे से धुत चरेरे भाईयों में हो रहे विवाद में बीच बराव करने पहुंच था युवक: थाना हैदरगढ़ क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव के पास स्थित एक ईंट-भट्ठे पर बिहार प्रांत के किशनगंज जिले के निवासी सूरज (32) अपने बहनोई मंगल और उसके चचेरे भाई आकाश के साथ काम करता था। मंगल जनपद रायबरेली के थाना गुरुबक्शगंज क्षेत्र के लाला का पुरवा गांव का रहने वाला बताया गया है। सभी मजदूर भट्ठे पर ही कोठरी बनाकर रहते थे। बताया जाता है कि गुरुवार शाम करीब चार बजे सूरज और आकाश के बीच नशे की हालत में विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इसी दौरान सूरज का बहनोई मंगल मौके पर पहुंचा। पहले उसने बीच-बचाव किया, लेकिन बाद में उसका भी सूरज से विवाद हो गया।
सिर पर वार, मौके पर मौत: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आक्रोशित मंगल ने पास में पड़ा लकड़ी का चैला उठाकर सूरज के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से सूरज की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मंगल और आकाश भागने लगे। भट्ठे पर मौजूद मजदूरों ने मंगल को दौड़ाकर पकड़ लिया और एक कोठरी में बंद कर दिया, जबकि आकाश फरार हो गया।
सीमा विवाद में उलझी पुलिस: घटना की सूचना पर सुबेहा और हैदरगढ़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती दौर में घटनास्थल की सीमा को लेकर दोनों थानों के बीच असमंजस की स्थिति बनी रही। सूचना पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी समीर सिंह के निर्देश पर स्पष्ट हुआ कि घटनास्थल थाना हैदरगढ़ क्षेत्र में आता है। इसके बाद हैदरगढ़ पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी रितेश सिंह ने बताया कि दो पक्षों के बीच मारपीट में एक युवक की मौत हुई है। आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा फरार आरोपित की तलाश में टीमें लगाई गई हैं। घटना के बाद भट्ठे पर काम करने वाले श्रमिकों में दहशत का माहौल बना हुआ है।