चालकों को दिलाया गया सड़क सुरक्षा नियमों के पालन का संकल्प
बाराबंकी। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन एवं यातायात विभाग द्वारा मंगलवार को शहर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना हेलमेट और सीटबेल्ट के वाहन चलाते पाए गए 22 वाहन चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।
यह अभियान पटेल चौराहे पर चलाया गया, जिसमें सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) अंकिता शुक्ला और यातायात प्रभारी रामयतन यादव की संयुक्त टीम ने भाग लिया।
टीम ने मौके पर बिना सुरक्षा उपकरणों के पाए गए दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के चालान किए। साथ ही, सभी चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प भी दिलवाया गया।
एआरटीओ अंकिता शुक्ला ने बताया कि सड़क हादसों में अधिकतर मौतें हेलमेट और सीटबेल्ट न लगाने के कारण होती हैं। नियमों का पालन न केवल कानूनी अनिवार्यता है, बल्कि यह हमारी और दूसरों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है।