लेखपाल ने दर्ज कराया आरोपितों पर मुकदमा, एसडीएम के आदेश पर गई थी राजस्व टीम
बाराबंकी। एसडीएम के आदेश से चार सदस्यीय राजस्व टीम रामसनेहीघाट के बड़ेला नरायनपुर में मंगलवार को जांच करने पहुंची थी। जहां कुछ महिलाएं एवं पुरूषों ने टीम को गालियां देते हुए अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क कर आत्मदाह का प्रयास किया। जिससे मौके पर माहौल खराब हो गया। गालियां देने और सरकारी काम में बांधा डालने का आरोप लगाते हुए लेखपाल ने पुलिस को मामले की तहरीर दी है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।
तहसील रामसनेहीघाट के ग्राम बड़ेला नरायनपुर निवासी श्रीमती रामदेवी पत्नी राम किशोर ने एसडीएम रामसनेहीघाट से राजकुमार पुत्र राम स्वरूप के खिलाफ गाटा संख्या 05 की जमीन पर अवैध कब्जा की शिकायत की थी। जिस पर रामसनेहीघाट एसडीएम ने मौके पर जांच के लिए 11 जुलाई को राजस्व निरीक्षक महेश वर्मा के साथ लेखपाल अंबुज कुमार मिश्र, अजयदीप सिंह, अभिषेक पाण्डेय की टीम गठित की थी। आरोप है कि 15 जुलाई को जांच के लिए जब राजस्व टीम मौके पर पहुंची तो विपक्षी राजकुमार व उनकी घर की महिलाओं ने गालियां देना शुरू कर दिया। पुलिस की दी गई तहरीर पर लेखपाल अंबुज ने बताया कि राजकुमार व उनके घर की महिलाओं ने गालियां देते हुए अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क कर आग लगाने की कोशिश की व सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई।
लेखपाल की तहरीर पर रामसनेहीघाट कोतवाली पुलिस ने आरोपित राजकुमार व उनके घर वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।