बिंदौरा में रामनगर विधानसभा की बैठक में चर्चा करते प्रदेश भाजपा संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह
2027 चुनाव के लिए भाजपा की तैयारी
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री ने रामनगर, जैदपुर एवं बाराबंकी सदर विधानसभा में की बैठक
बाराबंकी। भारतीय जनता पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कवायद तेज कर दी है। पिछले विधानसभा चुनाव में हारी हुई विधानसभाओं पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।
सोमवार को प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह जिले के प्रवास पर रहे। उन्होंने रामनगर, जैदपुर और बाराबंकी सदर विधानसभा में वरिष्ठ पदाधिकारियों संग बैठक करके आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने जनप्रतिनिधियों संग बैठक करके चुनाव को लेकर रणनीतिक चर्चा की। इस दौरान उन्होंने ड्राफ्ट मतदाता सूची को लेकर भी समीक्षा की। रामनगर विधानसभा की बैठक बिंदौरा स्थित एक मैरिज लॉन में,जैदपुर विधानसभा की बैठक मसौली स्थित एक मैरिज लॉन में तथा बाराबंकी सदर विधानसभा की बैठक भाजपा जिला कार्यालय पर संपन्न हुई। इन बैठकों में संबंधित विधानसभा सीटों से हारे हुए प्रत्याशियों, मंडल अध्यक्षों और बीएलए-वन से संगठन महामंत्री ने विशेष बातचीत की। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय जिस तरह एक साथ सभी बूथों पर मिलकर हम काम करते हैं,उसी प्रकार सक्रियता बनाए रखते हुए ड्राफ्ट मतदाता सूची का गहनता से अध्ययन करते हुए किसी भी समस्या का त्वरित निदान करना है । किसी भी प्रकार की कोताही नहीं करनी है। उन्होंने कहा एसआइआर अभियान सिर्फ बीएलए-टू, बूथ अध्यक्ष तथा बूथ प्रवासी की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि सभी पदाधिकारियों, नेताओं, जनप्रतिनिधियों तथा कार्यकर्ताओं की सामूहिक जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि बड़ा नेता वही है जिसे अपने बूथ के एक-एक मतदाता की पूरी जानकारी हो। जब तक बूथ के सभी मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में न जुड़ जाएं तब तक चैन से नहीं बैठना है।
बैठकों में उन्होंने विधानसभावार भौगोलिक, राजनीतिक एवं सामाजिक समीकरणों पर भी गहन चर्चा की।निर्देश दिए कि विपक्ष के भ्रामक प्रचार का डट कर मुकाबला करते हुए मुंहतोड़ जवाब देना है। जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीन पर उतारकर भाजपा ने सुशासन के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं जिसे जन जन तक पहुंचाना है।भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रवादी विचारधारा का ध्वजवाहक है। कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर ही भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीति पार्टी है।
उन्होंने बूथ अध्यक्ष को पार्टी की रीढ़ बताते हुए वरिष्ठ पदाधिकारियों से उनके साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया। प्रत्येक बैठकों में उन्होंने भाजपा के विभिन्न अभियानों की समीक्षा करते हुए पेंच भी कसे।कहा कि मतदाता सूची शतप्रतिशत अपडेट होगी तो चुनावों में भाजपा को ऐतिहासिक सफलता से कोई रोक नहीं सकता।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, जिला अध्यक्ष राम सिंह वर्मा, राज्यमंत्री सतीश शर्मा, एमएलसी व जिला प्रभारी अवनीश सिंह पटेल, एमएलसी अंगद सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, पूर्व सांसद उपेंद्र सिंह रावत, पूर्व विधायक शरद अवस्थी, अमरीश रावत,रामकुमारी मौर्य, शशांक कुसुमेश, डॉक्टर अवधेश वर्मा, शेखर हयारन एवं सभी मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे।