नकदी, जेवरात, मेंथा आयल, शराब के साथ घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद
बाराबंकी। सफदरगंज पुलिस, स्वाट एवं सर्विलांस टीम ने लगभग 15 दिन पहले शराब ठेका एवं सर्राफा दुकान पर हुई नगदी, ज्वैलरी और शराब सहित लाखों की चोरी का राजफाश रविवार को कर दिया। पुलिस ने घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया है। आरोपियों के पास से नकदी, सोने-चांदी के जेवरात, सरसों, मेंथा आयल, शराब तथा दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलीजेंस एवं डिजिटल डेटा के आधार पर दिनांक 25 जनवरी को ग्राम जलालपुर स्थित हाईवे काउन्टी साइट के पास से चोरी के आरोपी बिरजू रावत उर्फ राहुल, अवनीश वर्मा उर्फ लकी एवं राज वर्मा उर्फ एसके को गिरफ्तार किया। जिनके कब्जे से 7200 रुपये नकद, 08 बोरी सरसों, 08 जोड़ी पायल, 24 अंगूठी, छल्ले, 06 नाक की कील, 05 लीटर मेंथा आयल, विभिन्न ब्रांड की शराब, एक लोहे का साबर तथा दो मोटरसाइकिल (अपाचे राइडर व स्प्लेंडर प्लस बरामद की गई।
आरोपियों ने पुलिस से पूछताछ में एक संगठित गिरोह के रूप में अपने दो अन्य साथियों रोहित उर्फ करिया एवं दुर्गेश वर्मा उर्फ कुन्नू के साथ चोरी व सेंधमारी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार आरेापी दिन में रेकी कर स्थान चिन्हित करते थे तथा घटना के समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करते थे। साथ ही सीसीटीवी से बचने के लिए खेतों व बागों के रास्तों का उपयोग करते थे।
आरोपियों ने 10 एवं 11 जनवरी 26 को सफदरगंज क्षेत्र में सर्राफा दुकान, अंग्रेजी शराब ठेका, ग्राम मीरापुर तथा थाना जैदपुर क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस ने चोरी के मामले में सफदरगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है।