Saturday, March 7, 2026
Google search engine
HomeBARABANKI NEWSफॉर्म-7 के जरिए वोट कटौती की रजी जा रही साजिश, दोषियों पर...

फॉर्म-7 के जरिए वोट कटौती की रजी जा रही साजिश, दोषियों पर होगी FIR : गोप

बाराबंकी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत फॉर्म-7 का फर्जी तरीके से इस्तेमाल कर पात्र मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से काटने की साजिश की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर जेल भेजा जाएगा।

गोप मंगलवार को छाया चौराहा स्थित जिला समाजवादी पार्टी कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि फॉर्म-7 के माध्यम से पीडीए समाज और विशेष रूप से अल्पसंख्यक मतदाताओं को निशाना बनाया जा रहा है। पूरे प्रदेश की विभिन्न विधानसभाओं से इस तरह की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। समाजवादी पार्टी ने इस संबंध में भारत निर्वाचन आयोग को लिखित शिकायतें सौंपी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की तैयारी की जा रही है। फॉर्म-7 का दुरुपयोग लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से मांग की कि डाउनलोड किए गए फॉर्म-7 के सत्यापन की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, हर फॉर्म पर क्रमांक अंकित हो, कागजी फॉर्म-7 पर चुनाव आयोग का होलोग्राम लगाया जाए और अब तक जमा किए गए सभी फॉर्म-7 निरस्त किए जाएं।

गोप ने यह भी मांग की कि अब तक जमा फॉर्म-7 के हस्ताक्षरों की न्यायिक जांच कराई जाए, फॉर्म जमा करते समय की सीसीटीवी फुटेज निकलवाई जाए और धांधली पकड़ने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद ली जाए। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वालों पर साजिश और धोखाधड़ी (धारा 420) के तहत मुकदमा दर्ज किया जाए।

उन्होंने सवाल उठाया कि उत्तर प्रदेश के मुख्य चुनाव अधिकारी समाजवादी पार्टी की शिकायतों पर कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान हालात में बीएलओ भी हताश और निराश हैं और कई जगह उनके नाम तक वोट कटौती की सूची में शामिल कर दिए गए हैं।

गोप ने कहा कि लोकतंत्र में वोट सबसे बड़ा अधिकार है और किसी भी मतदाता को फर्जी तरीके से इस अधिकार से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।

प्रेस वार्ता में उपस्थित नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा हार के डर से पीडीए मतदाताओं, खासकर अल्पसंख्यकों के वोट कटवाने की साजिश कर रही है। पेन ड्राइव के जरिए टारगेट कर विधानसभाओं में वोट कटौती की सूची भेजी जा रही है। उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी के बूथ प्रहरी लगातार निगरानी कर रहे हैं। किसी भी गड़बड़ी की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचने के लिए हेल्पलाइन नंबर 9839204142 जारी किया गया है।

प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष हाफिज अयाज अहमद, सदर विधायक फरीद महफूज किदवाई, रामनगर विधायक धर्मराज सिंह उर्फ सुरेश यादव, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक राम गोपाल रावत, पूर्व विधान परिषद सदस्य राजेश यादव राजू, जिला कोषाध्यक्ष प्रीतम वर्मा, अजय वर्मा बब्लू, हिमांशू यादव, जिला मीडिया प्रभारी वीरेन्द्र प्रधान सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments