अनुदेशक शिक्षकों के वेतन बढ़ोत्तरी की खुशी में एक दूसरे का मुंह मीठा करते शिक्षकसंघ के पदाधिकारी एवं शिक्षक
17,000 प्रतिमाह मानदेय स्वीकृत, वर्षों के संघर्ष को मिली ऐतिहासिक सफलता
बाराबंकी। सुप्रीम कोर्ट द्वारा अनुदेशक शिक्षकों के मानदेय को ₹17,000 प्रतिमाह किए जाने के न्यायपूर्ण एवं ऐतिहासिक निर्णय पर बाराबंकी सहित पूरे प्रदेश के अनुदेशक शिक्षकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। इस निर्णय को न्याय, समानता और सम्मान की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
उच्च प्राथमिक अनुदेशक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन, बाराबंकी के जिलाध्यक्ष दिवाकर अवस्थी गांधी ने सुप्रीम कोर्ट के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह फैसला अनुदेशक शिक्षकों के वर्षों के संघर्ष, धैर्य और एकजुटता का प्रतिफल है। यह निर्णय अनुदेशक शिक्षकों के आत्मसम्मान, अधिकारों और भविष्य को मजबूती प्रदान करेगा।
प्रदेश प्रवक्ता नीरज पांडेय ने कहा कि यह फैसला साबित करता है कि संगठित, शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक संघर्ष से न्याय अवश्य मिलता है। यह निर्णय प्रदेश के लाखों अनुदेशक शिक्षकों के मनोबल को नई ऊर्जा देगा।
जिला महामंत्री सुजीत सिंह ने कहा कि यह केवल मानदेय वृद्धि नहीं, बल्कि अनुदेशक शिक्षकों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। जिला संगठन मंत्री अम्बरीष यादव ने इसे संगठन की एकता और अनुशासन की जीत बताया, वहीं जिला संयोजक अतुल शुक्ला ने कहा कि यह निर्णय अनुदेशक शिक्षकों के भविष्य को सुरक्षित करने वाला है।
इस ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत करते हुए जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के प्रदेश महामंत्री अरुणेंद्र वर्मा ‘मुन्ना’, उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय संगठन मंत्री देवेंद्र द्विवेदी, शिक्षक नेता दिलीप तिवारी तथा राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त सेवा निवृत्त शिक्षक सुभाष श्रीवास्तव ने अनुदेशक शिक्षकों को मिठाई खिलाकर बधाई दी और इसे शिक्षक हित में मील का पत्थर बताया।
इस अवसर पर बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अनुदेशक शिक्षकों द्वारा मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया गया। साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार के आगामी बजट से अनुदेशक शिक्षकों के लिए मानदेय में और वृद्धि, नियमितीकरण, चिकित्सा अवकाश, CCL एवं भविष्य निधि से संबंधित ठोस घोषणाओं की मांग की गई।
कार्यक्रम में आशीष मिश्रा (जिला संयोजक), आशीष वर्मा (जिला उपाध्यक्ष), राजीव साहू व विशाल वर्मा (जिला मीडिया प्रभारी), प्रीति श्रीवास्तव (जिला प्रचार मंत्री), रामजी बाजपेई (जिला मंत्री), शैलेन्द्र मौर्य, सीता सिंह (जिला उपाध्यक्ष), आराधना (जिला महिला उपाध्यक्ष), आलोक यादव (जिला महासचिव), आशीष वर्मा (जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष) सहित विनीता, पुनीत, पूनम यादव, मोहसिन हसीब, गौरव तिवारी, सुनीता देवी, अशोक कुमार, हितेश सिंह, अंकित तिवारी, पुनीत शर्मा समेत अनेक सम्मानित अनुदेशक पदाधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।