बाराबंकी। सूफी संत हाजी वारिस अली शाह के पिता सैय्यद कुर्बान अली शाह की स्मृति में आयोजित होने वाले 10 दिवसीय देवा महोत्सव एवं प्रदर्शनी का शुभारंभ 08 अक्टूबर से होगा। जिसका परंपरागत रूप से जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की पत्नी शैलजा त्रिपाठी बुधवार की शाम पांच बजे फीता काट कर शुभारंभ करेंगी।
देवा मेला एवं प्रदर्शनी समिति के सचिव व अपर जिलाधिकारी अरूण सिंह ने बताया कि बुधवार की शाम पांच बजे शेख मुहम्मद हसन गेट पर शुभारंभ होगा। इसी क्रम में शुभारंभ के बाद खेल मैदान पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं और ऑडिटोरियम मंच के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत भी हो जाएगी। मेला में आने वाले जायरीन की सुविधाओं और उनकी सुरक्षा हेतु भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ में प्रशासनिक अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है जो अपने अपने कार्यों को संपादित करेंगे।
उद्घाटन समारोह के अवसर पर बहार सुगम संगीत प्रभाग, आकांक्षा स्टेपिंग स्टोन, बाला जी का बचपन एवं अरूणोदय पब्लिक स्कूल की ओर से विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही रात्रि आठ बजे से बिरहा कार्यक्रम होगा।