भुक्तभोगी की तहरीर पर कोतवाली नगर में दोनों हुए नामजद
बाराबंकी। मकान बेंचने के नाम पर पिता-पुत्रों ने 27.48 लाख रूपए लेकर रजिस्ट्री कराने से मना कर दिया। भुक्तभोगी ने अपने पैसे वापस मांगे तो उसे गाली-गलौच करते हुए भगा दिया गया। भुक्तभोगी ने पिता-पुत्र पर दी गई रकम हड़पने का आरोप लगाया है। कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली नगर के मंझपुरवा, शुगरमिल निवासी संतोष कुमार ने पुलिस को तहरीर दी है। जिसमें बताया गया कि उसके पड़ोस के ही शिवपुरी, शुगरमिल निवासी अभिषेक तिवारी पुत्र अरूण तिवारी 10 जून 2023 को उसके पास आए और पैसों के आवश्यकता होने पर अपने पिता का मकान बेंचने के लिए कहा। भुक्तभोगी के अनुसार अभिषेक के पिता ने भी मकान बेंचने की सहमित दी। जिसके बाद 27 लाख रूपए में मकान का सौदा हुआ। भुक्तभोगी ने दोनों से चार महीने में पैसे देने की बात कही। भुक्तभोगी के अनुसार अरूण तिवारी के कहने पर उसने कई बार में स्टांप शुल्क सहित कुल 27.48 लाख रूपए आरटीजीएस व चेक के माध्यम से जमा कर दिए। पीड़ित का आरोप है कि 13 नंवबर 2023 को मकान की रजिस्ट्री करवाने के लिए अरूण तिवारी से आग्रह किया लेकिन टाल दिया गया। अभी तक मकान की रजिस्ट्री नहीं करवाई गई। आरोप है कि भुक्तभोगी ने जब अपने पैसे वापस मांगे तो उससे गाली गलौच करते हुए पिता-पुत्र ने पैसा नहीं देने की धमकी दी। पीड़ित के अनुसार पिता-पुत्र ने मिलकर उसके 27.48 लाख रूपए हड़प लिए।
पीड़ित ने कोतवाली नगर में आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।