Saturday, March 7, 2026
Google search engine
HomeBARABANKI NEWSकिराये की कार में लिफ्ट देकर लूटने वाले पांच बदमाश गिरफ्तार

किराये की कार में लिफ्ट देकर लूटने वाले पांच बदमाश गिरफ्तार

  • स्वाट एवं सर्विलांस, जहांगीराबाद व कोतवाली नगर की संयुक्त टीम किया दो घटनाओं का राजफाश

बाराबंकी। किराये की कार में लिफ्ट देकर लूट करने वाले गिरोह के पांच बदमाशों को कोतवाली नगर एवं जहांगीराबाद पुलिस ने स्वाट, सर्विलांस टीम की मदद से सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है। इनकी गिरफ्तारी से कार में लूट की दो घटनाओं का राजफाश हो गया। गिरोह का मुख्य आरोपी अभी फरार चल रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए टीम लग गई है।

कार सवार बदमाशों ने इनके साथ की थी लूटः सिद्धार्थनगर जिले के थाना गोल्हौरा अंतर्गत ग्राम करही खास निवासी जीत कुमार पुत्र चंद्रभान ने 08 जून को कोतवाली नगर पुलिस को तहरीर दी थी। जिसमें बताया कि 07 जून की रात वह मुंबई से फ्लाइट लेकर लखनऊ पहुंचा, जहां से कैब लेकर चारबाग आया। लेकिन चारबाग से सिद्धार्थनगर जाने के लिए कोई वाहन नहीं मिल रहा था। फिर जीत ने एक कार चालक से लिफ्ट मांगी तो वह बस्ती तक जाने के लिए तैयार हो गया। कार में पहले से कई लोग सवार थे। जीत को बैठाने के बाद उसके साथ कार सवार लोगों ने गाली गलौच और मारपीट शुरू कर दी। जिसके बाद डरा धमका कर उससे क्यू आर कोड पर 10 हजार रूपए खाते में भिजवाने के साथ उसके दो मोबाइल, चांदी का ब्रेसलेट, ब्लूटूथ व नगदी लूट ली। लूट को अंजाम देने के बाद बदमाश पीड़ित को कोतवाली नगर क्षेत्र में किसान पथ के सर्विस लेन पर छोड़ कर भाग गए। इस मामले की कोतवाली नगर पुलिस मुकदमा दर्ज किया था।

वहीं दूसरी घटना बिहार प्रदेश के बैशाली जिले के थाना बिदूपुर अंतर्गत ग्राम भगौली निवासी सुबोध कुमार राय के साथ 02 जून को घटी। जहांगीराबाद पुलिस को तहरीर देकर सुबोध ने बताया था कि रात करीब 10.30 बजे अवध बस स्टैंड लखनऊ से गोंडा जाने के लिए वह वाहन खोज रहा था। इसी दौरान गोंडा चलने की बात कहकर एक चालक ने सुबोध को वैगनार कार में बैठा लिया। कूछ दूर जाने के बाद उसे डरा धमका कर, मारपीट, गाली गलौच करके छह सौ रूपए नगद एवं क्यू आर कोड से तीन बार में सात हजार चार सौ रूपए खाते में ट्रांसफर करा लिए। बदमाश पीड़ित को रात्रि 11.30 जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम लाला का पुरवा के पास उतार कर भाग गए। जहांगीरबाद थाने में लूट का मुकदमा दर्ज किया गया था।

गिरोह के पांच आरोपित गिरफ्तारः सीसीटीवी फुटेज, क्यू आर कोड और वाहन नंबरों से हुई जांच में स्वाट, सर्विलांस, कोतवाली नगर व जहांगीराबाद थाना पुलिस ने मंगलवार को सुमित वर्मा पुत्र चन्द्रेश निवासी सरायशेख, बीबीडी, लखनऊ, अभिषेक ठाकुर पुत्र रिंकू सिंह निवासी मौलवी खेडा, पीजीआई लखनऊ, नितिन यादव पुत्र बब्लू यादव ग्राम कुम्हारन का पुरवा, बीबीडी, लखनऊ, हिमाचल चौहान पुत्र राजेश निवासी ग्राम भलउ चन्देरी, घोसी, मऊ तथा सुदेश यादव पुत्र संतोष यादव निवासी सरायशेख, बीबीडी, लखनऊ को गिरफ्तार कर लिया है। जिनके कब्जे से पुलिस ने घटना में शामिल टाटा नैक्सान व वैगनार कार के साथ लूट की 10 हजार नगदी, 04 मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ब्रेसलेट, अवैध तमंचा व कारतूस बरामद हुई है।

अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि यह लोग संगठित गिरोह बना कर इस तरह की लूट की घटनाओं को अंजाम देते हैं। इनका मुख्य साथी शिवम यादव पुत्र चन्द्रिका प्रसाद उर्फ छोटे निवासी सराय शेख, सतरिख रोड थाना बीबीडी लखनऊ अभी भी फरार है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपियों ने सवारी ढोने के नाम पर कठौता से किराये पर कार लिया था। एएसपी ने बताया कि आरोपियों ने लूट के समय कार के नंबर प्लेट का कुछ हिस्सा कीचड़ पोत कर छिपा रखा था।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments