-
जिलाध्यक्ष आनंद के नेतृत्व में डीएम से मिले चकबंदी लेखपाल, कठोर कार्यवाही की मांग
बाराबंकी। सोमवार को चकबंदी महिला लेखपाल के साथ हैदरगढ़ तहसील में नायब तहसीलदार त्रिवेदीगंज कोर्ट में हुई छेड़छाड़ से जिले भर के लेखपालों में भारी आक्रोश है। चकबंदी लेखपाल संघ आरोपी हैदरगढ़ तहसील बार के महामंत्री अधिवक्ता सुनील द्विवेदी पर दर्ज मुकदमें में लगाई गई धाराओं से संतुष्ट नहीं है। संघ के जिलाध्यक्ष कुंवर आनंद प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम सूचना रिपोर्ट में लगाई गई धाराओं से आरोपी पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
इस मामले में मंगलवार को जिला चकबंदी लेखपाल संघ के प्रदेश अध्यक्ष आलोक यादव व जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में जिले भर के चकबंदी लेखपालों ने जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी से मिलकर उन्हें एक मांग पत्र सौंपा। जिसमें आरोपी तहसील बार महामंत्री पर दर्ज हुए मुकदमें में सुसंगत धाराएं बढ़ाये जाने के साथ उसके खिलाफ कठोरतम कार्यवाही किए जाने की मांग की है।
इस मौके पर पंकज साहू वरिष्ठ उपाध्यक्ष, महामंत्री सत्येन्द्र तिवारी, कोषाध्यक्ष संजय सिंह, अनुज यादव, धर्मेन्द्र सिंह, मयंक मिश्रा, वैशाली सिंह, नेहा सिंह, प्रतिष्ठा मिश्रा सहित जिले भर के चकबंदी लेखपाल के साथ तहसील नवाबगंज, रामनगर और हैदरगढ़ के राजस्व लेखपाल भी मौजूद रहे।




