बाराबंकी। पल्हरी ओवरब्रिज के पास शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ओवरब्रिज से नीचे जा गिरी। कार नीचे गिरते ही नीचे खड़े डंपर से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में घायल युवक की पहचान लखपेड़ाबाग निवासी नीरज गुप्ता के रूप में हुई है। परिजन ने बताया कि नीरज लखनऊ से पल्हरी स्थित अपनी दुकान जा रहे थे। तेज रफ्तार के चलते कार नियंत्रण खो बैठी और ओवरब्रिज से नीचे जा गिरी। गाड़ी में लगे एयरबैग का खुलना और सीट बेल्ट लगे होने के कारण नीरज की जान बच गई।
नीरज के घुटने में फ्रैक्चर आया है, जबकि सिर और सीने में चोटें बताई जा रही हैं। हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने मानवीयता दिखाते हुए घायल को सरकारी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। उनकी तत्परता की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
कुछ देर बाद परिजन भी घटनास्थल पर पहुँच गए और नीरज को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। हादसे के बाद पल्हरी ओवरब्रिज पर काफी देर तक जाम जैसी स्थिति बनी रही।