Friday, June 5, 2026
Google search engine
HomeBARABANKI NEWSट्रेन में बम की अफवाह से मचा हड़कंप, सवा घंटे रुका रेल...

ट्रेन में बम की अफवाह से मचा हड़कंप, सवा घंटे रुका रेल यातायात, वंदे भारत और किसान एक्सप्रेस प्रभावित

  • सूचना देने वाले छात्र को जीआरपी ने हिरासत में लिया, कर रही पूछताछ

बाराबंकी। लखनऊ–अयोध्या रेलमार्ग पर गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गंगा सतलज (किसान एक्सप्रेस) ट्रेन में बम होने की अफवाह उड़ी। सूचना मिलते ही रेलवे ने मार्ग पर दौड़ रही सभी ट्रेनों को तत्काल नजदीकी स्टेशनों पर रोक दिया। अयोध्या जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस करीब सवा घंटे दरियाबाद स्टेशन पर खड़ी रही, जबकि धनबाद से फिरोजपुर जा रही किसान एक्सप्रेस को करीब तीन घंटे रुदौली में रोककर यात्री सुरक्षा सुनिश्चित की गई।

गुरुवार दोपहर लखनऊ से रवाना होने के बाद गंगा सतलज एक्सप्रेस (13308) बाराबंकी होकर दरियाबाद पहुंची और दोपहर एक बजे के आसपास अयोध्या की ओर चली। पटरंगा पहुंचने से पहले ही ट्रेन में बम होने की सूचना मिली, जिसके बाद रेलवे कंट्रोल ने तुरंत सभी ट्रेनों को रोकने के आदेश दिए।

दरियाबाद स्टेशन पर खड़ी बंदेभारत ट्रेन
दरियाबाद स्टेशन पर खड़ी बंदेभारत ट्रेन

दिल्ली से अयोध्या जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस (22426) डेढ़ बजे दरियाबाद पहुंची, जिसे प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर खड़ा कर दिया गया। यातायात बहाल होने पर यह ट्रेन दो बजकर 50 मिनट पर रवाना हो सकी। वहीं किसान एक्सप्रेस (13307) को रुदौली में ही रोक दिया गया, जिसके कारण दरियाबाद में इसके पहुंचने का निर्धारित समय (11:15 बजे) देर होकर पौने चार बजे हो गया।

बाधित रहा यातायात: करीब सवा घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा। स्टेशन अधीक्षक एस.के. राय ने बताया कि पटरंगा में बम की अफवाह मिलने के बाद वंदे भारत सहित कई ट्रेनों को रोका गया था। बाद में स्थिति सामान्य होने पर सभी ट्रेनें रवाना कर दी गईं।

घटना की शुरुआत तब हुई जब दरियाबाद से पटरंगा की ओर बढ़ रही ट्रेन में एक यात्री ने पीआरवी को बम होने की सूचना दी। इससे हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बाराबंकी कंट्रोल ने अयोध्या पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ को अलर्ट किया। ट्रेन को तुरंत पटरंगा स्टेशन पर रोका गया। पटरंगा इंस्पेक्टर शशिकांत यादव पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। बम निरोधक दस्ते, जीआरपी और आरपीएफ ने ट्रेन की गहन तलाशी ली, लेकिन सूचना अफवाह निकली।

जीआरपी कोतवाल रमाकांत यादव के अनुसार ट्रेन में यात्रा कर रहे रुड़की से झारखंड के कोरमा जा रहे युवक अनंत राज को हिरासत में लिया गया है। वह रुड़की में इंजीनियरिंग का छात्र है और एसीएच-1 कोच में सफर कर रहा था। उसी ने बम की सूचना दी थी, जिसके संबंध में उससे पूछताछ की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments