लखनऊ। राजधानी स्थित लोहिया अस्पताल की एक असिस्टेंट प्रोफेसर के साथ मरीज ने अश्लील हरकतों की हद पार कर दी। आरोपी ने डॉक्टर को लगातार परेशान करते हुए एक दिन में 1000 से अधिक फोन कॉल किए और 5000 से ज्यादा अश्लील मैसेज व फोटो भेज डाले। विरोध करने पर डॉक्टर को धमकाने के साथ जानलेवा हमला करने की भी कोशिश की गई। डरी-सहमी डॉक्टर ने इसकी शिकायत वीमेन पावर लाइन 1090 पर की। इसके बाद विभूतिखंड पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
बेसमेंट में किया हमला
जानकारी के मुताबिक, आरोपी महेश तिवारी, जो कि जनपद बस्ती का रहने वाला है, का कुछ माह पहले लोहिया अस्पताल में ऑपरेशन हुआ था। इलाज के दौरान ही उसे डॉक्टर का मोबाइल नंबर मिल गया। इसके बाद वह लगातार फोन और मैसेज कर परेशान करने लगा।
पीड़िता ने बताया कि 19 अगस्त को वह ओपीडी से निकलकर अपने फ्लैट की ओर जा रही थीं। तभी आरोपी उनका पीछा करते हुए अपार्टमेंट के बेसमेंट तक पहुंच गया और लिफ्ट का इंतजार कर रही डॉक्टर पर पीछे से वार करने की कोशिश की। गार्ड ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पहले भी दी थी शिकायत
डॉक्टर ने बताया कि आरोपी काफी समय से परेशान कर रहा था। 12 मई को इसकी शिकायत उन्होंने 1090 वीमेन पावर लाइन पर भी की थी। तब पुलिस ने आरोपी को समझाया था, लेकिन कुछ दिन शांत रहने के बाद वह फिर से वही हरकतें करने लगा।
अकेले फ्लैट जाना छोड़ दिया
पीड़िता डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि महेश की हरकतों से वह बेहद डरी हुई थीं। हालात ये हो गए कि वह अकेले फ्लैट पर जाना बंद कर चुकी थीं। छुट्टी के बाद सुरक्षा की दृष्टि से वह गार्ड को साथ लेकर ही जाती थीं। डॉक्टर ने साफ कहा कि आरोपी से उन्हें जान का खतरा हो गया था।